
नई दिल्ली : इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष का असर अब मध्य पूर्व के कई देशों में भी दिखाई देने लगा है। इजरायल के हमलों के बाद ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सी.बी.एस.ई) ने अहम फैसला लिया है। बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की 2 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षाओं को फिलहाल टाल दिया है।
कई देशों में लागू हुआ आदेश
सी.बी.एस.ई द्वारा जारी सूचना के अनुसार बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित स्कूलों के लिए यह निर्णय लिया गया है। इन देशों में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सोमवार, 2 मार्च 2026 को निर्धारित परीक्षाएं आयोजित नहीं होंगी।
बोर्ड ने यह भी बताया है कि नई परीक्षा तिथि की घोषणा जल्द ही की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें।
3 मार्च को होगी स्थिति की समीक्षा
ने जानकारी दी है कि 3 मार्च 2026 को हालात की दोबारा समीक्षा की जाएगी। इसके बाद 5 मार्च से आगे की परीक्षाओं को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यानी आगे की परीक्षाएं होंगी या नहीं, यह स्थिति सामान्य होने पर ही तय किया जाएगा।
री-एसेसमेंट को लेकर भी आई अहम जानकारी
सी.बी.एस.ई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने स्पष्ट किया है कि रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र केवल थ्योरी पेपर का ही पुनर्मूल्यांकन करा सकेंगे। प्रैक्टिकल परीक्षाओं के अंकों में किसी भी प्रकार का बदलाव संभव नहीं होगा।
हर साल की तरह इस बार भी 10वीं और 12वीं का रिजल्ट मई में जारी होने की संभावना है। परिणाम आने के बाद छात्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत री-एसेसमेंट के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इस फैसले से छात्रों में थोड़ी चिंता जरूर है, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड का यह कदम जरूरी माना जा रहा है।
