
रांची: रंगों का त्योहार होली पूरे झारखंड में खुशी, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया जाता है। झारखंड पुलिस भी यही चाहती है कि लोग खुशी और प्रेम से पर्व मनाए। लेकिन इस बार झारखंड पुलिस ने साफ शब्दों में लोगों को चेतावनी दी है कि अगर किसी ने हुड़दंग या कानून तोड़ने की कोशिश की, तो सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि पिछले वर्षों के कड़वे अनुभवों से निकली चेतावनी है।
दो साल के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
जानकारी के अनुसार, होली के दिन और उसके आसपास (दो दिन पहले और एक दिन बाद) सड़क हादसों और हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले दो वर्षों में नशे में वाहन चलाने के 300 से ज्यादा मामले सामने आए। वहीं 120 से अधिक लोगों को शांति भंग और हुड़दंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 103 से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें लगभग 180 लोग घायल हुए और 50 से अधिक लोगों की जान चली गई।
नशा और तेज रफ्तार बनी बड़ी वजह
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ज्यादातर हादसे तेज रफ्तार बाइक, ट्रिपल राइडिंग और हेलमेट नहीं पहनने के कारण हुए। वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं में करीब 15 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। कई मामलों में रंग खेलने के बाद युवाओं ने समूह में बाइक स्टंट किए, जो जानलेवा साबित हुए।
संवेदनशील जिलों में बढ़ी निगरानी
रांची, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, पलामू, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, होली पर सामान्य दिनों की तुलना में दोगुने चालान काटे जाते हैं। ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी तेज रहेगी।
अस्पताल और इमरजेंसी सेवाएं अलर्ट
सरकारी अस्पतालों के इमरजेंसी वार्ड को अलर्ट पर रखा गया है। रिम्स रांची सहित अन्य जिला अस्पतालों में अतिरिक्त डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज मिल सके।
पुलिस की अपील और सख्ती
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे में वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट जरूर पहनें, जबरन रंग न लगाएं और डीजे तय समय सीमा में ही बजाएं। किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर सूचना देने को कहा गया है। इस बार ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल नजर रखेगी।
पुलिस का संदेश साफ है – होली खेलें, लेकिन जिम्मेदारी के साथ। थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है।
