
रांची: राजधानी रांची में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी से आम लोग परेशान हैं। सरकार बार-बार कह रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन रांची में आम जनता को इससे बिल्कुल उल्टा अनुभव हो रहा है। कई इलाकों में सिलेंडर घर तक समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि गैस गोदामों के बाहर लंबी-लंबी लाइनों में लोग घंटों खड़े हैं। ऐसे ही हालात रांची के पुंदाग रोड पर देखने को मिले। आनंद गैस गोदाम के सामने लोग सिलेंडर पाने में दिक्कत महसूस कर रहे थे। नाराज लोगों ने गुस्से में सड़क पर सिलेंडर रखकर पुंदाग रोड को जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना था कि सिलेंडर समय पर नहीं मिलने की वजह से उनका काफी समय बर्बाद हो रहा है। इस नाराजगी के चलते रास्ता करीब 2 घंटे तक बंद रहा। अरगोड़ा थाना की पुलिस ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने सड़क पर रखे गैस सिलेंडर हटा दिए और आवागमन को फिर से सुगम बनाया। इस घटना से यह साफ हो गया कि घरों तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचाना अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
