
रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने हजारीबाग के विष्णुगढ़ स्थित कुसुंबा गांव में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या की तीव्र भर्त्सना की है। श्री साहू आज 11 बजे कुसुंबा गांव जाकर बच्ची के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
श्री साहू ने कहा कि हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुसुम्बा गांव में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और उसकी निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था की विफलता और सरकार की संवेदनहीनता का जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नवरात्र का पवित्र त्यौहार चल रहा। घरों में बेटियों की पूजा हो रही । ऐसे में एक बेटी के साथ ऐसा कुकृत्य यह बताता है कि राज्य में पुलिस प्रशासन का भय नहीं।अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस प्रशासन मस्त है।
श्री साहू ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर सरकार किस बात का इंतजार कर रही है? क्या निर्दोषों की जान यूं ही जाती रहेगी और प्रशासन मूकदर्शक बना रहेगा? इस हृदयविदारक घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। इस घटना ने राज्य को फिर से कलंकित किया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए। साथ ही सरकार को जवाब देना होगा कि आखिर प्रदेश में कानून का राज कब स्थापित होगा?
