
Tragic accident in Giridih : गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुरा गांव में एक हृदयविदारक हादसे में पति-पत्नी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान राजेंद्र मुर्मू और उनकी पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पार्वती देवी रोजाना की तरह घर के काम के दौरान कुएं से पानी निकालने गई थीं।
इसी दौरान पानी खींचते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक कुएं में गिर गईं।
पत्नी को गिरता देख राजेंद्र मुर्मू ने बिना समय गंवाए उन्हें बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। लेकिन कुआं काफी गहरा और पानी से भरा होने के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए।
घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर गांडेय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
