
रांची : झारखंड सरकार ने सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए स्कूल किट योजना के तहत बड़ी पहल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रों के बीच स्टेशनरी वितरण के लिए 23.22 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इस संबंध में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए सामग्री की दर भी तय कर दी है।
इस योजना के तहत छात्रों को पेंसिल, रबर, कटर, कलम और इंस्ट्रूमेंट बॉक्स उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि कक्षा 1 और 2 के बच्चों को इंस्ट्रूमेंट बॉक्स नहीं दिया जाएगा। इन कक्षाओं के लिए प्रति छात्र 25 रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
वहीं कक्षा 3 से 5 के छात्रों के लिए स्टेशनरी पर 50 रुपये और इंस्ट्रूमेंट बॉक्स के लिए 30 रुपये, यानी कुल 80 रुपये प्रति छात्र तय किए गए हैं। कक्षा 6 से 8 के बच्चों को पेंसिल, रबर, कटर और कलम के लिए 75 रुपये तथा इंस्ट्रूमेंट बॉक्स के लिए 30 रुपये, कुल 105 रुपये प्रति छात्र मिलेंगे।
सरकार की इस स्कूल किट योजना में नोटबुक और स्कूल बैग भी शामिल हैं, जिनके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया गया है। किट की खरीद और वितरण की प्रक्रिया 5 मार्च 2019 को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही पूरी की जाएगी।
इधर, राज्य सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना का बजट बढ़ाते हुए 136.91 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसमें स्कूल बैग, नोटबुक और अन्य शैक्षणिक सामग्री शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बुनियादी शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना और उनकी पढ़ाई को सुगम बनाना है।

