
- री-एडमिशन फीस, यूनिफॉर्म और किताबों में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, RTE उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
Private Schools Fee : रांची में निजी स्कूलों की मनमानी फीस वसूली को लेकर अब जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ अभिभावकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आयोजित फीस निर्धारण समिति की बैठक में कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अभिभावकों की शिकायतों में सामने आया कि कई निजी स्कूल री-एडमिशन के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे हैं। इसके अलावा अभिभावकों पर एक ही दुकान से यूनिफॉर्म और किताबें खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है, साथ ही NCERT की सस्ती किताबों की जगह महंगी निजी प्रकाशकों की किताबें लागू की जा रही हैं।
प्रशासन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट संकेत दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अगले सप्ताह सभी निजी स्कूल प्रबंधन के साथ एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
उपायुक्त ने विशेष रूप से शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के पालन पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। NCERT पाठ्यपुस्तकों की अनदेखी करने वाले स्कूलों पर भी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।
प्रशासन की इस सख्ती से अभिभावकों में उम्मीद जगी है कि इस बार निजी स्कूलों की मनमानी पर प्रभावी रोक लगेगी और उन्हें राहत मिलेगी।
