
बोकारो: बोकारो में एक बार फिर पुलिस का व्यवहार चर्चा में आ गया है। इस बार वजह बना है सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा एक ऑडियो, जिसने पूरे मामले को गरमा दिया है। वायरल क्लिप में चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी एक व्यक्ति से बेहद आपत्तिजनक और अभद्र लहजे में बात करती सुनाई दे रही हैं। ऑडियो सामने आते ही जिलेभर में इसकी चर्चा शुरू हो गई और पुलिस की छवि पर सवाल खड़े होने लगे।
एसपी ने लिया एक्शन
मामले को गंभीर मानते हुए बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया। बिना वक्त गंवाए उन्होंने जांच की जिम्मेदारी चास सदर एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह को सौंप दी। निर्देश मिलते ही जांच शुरू हो गई। एसडीपीओ ने उसी दिन शाम तक ऑडियो की जांच पूरी कर रिपोर्ट एसपी को सौंप दी। जांच में साफ हो गया कि ऑडियो असली है और उसमें इस्तेमाल की गई भाषा वाकई मर्यादा के खिलाफ है।
लाइन हाजिर हुई थाना प्रभारी
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए सुषमा कुमारी को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही उन्हें अगले आदेश तक पुलिस केंद्र, बोकारो भेज दिया गया है। इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।

