जमशेदपुर: कोरोना का संक्रमण कितनी तेजी से फैल रहा है, इसका उदाहरण तब देखने को मिला जब साकची स्थित यस बैंक के आठ कर्मचारी एक साथ कोरोना पाॅजिटिव पाए गए।
इसके बाद आनन-फानन में बैंक को अगले सात दिनों के लिए तत्काल सील कर दिया गया।
वहीं, सभी कर्मचारियों को भी होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल दो हजार 208 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिसमें 20 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ये सभी शहरी क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
1700 सैंपल्स जांच को भेजा गया
इतना ही नहीं, एक हजार 699 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
रिपोर्ट सोमवार तक आने की संभावना है।
इसके साथ ही विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 13 लोग स्वस्थ होकर वापस घर लौटे।
जिले में अभी तक 18 हजार 626 लोगों संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें 18 हजार 45 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। जबकि 375 लोगों की मौत हो चुकी हैं।




