देश ने एक मूल्यवान शख्सियत को खोया: प्रधानमंत्री

Digital News
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की।

इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।

भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक कल्याण सिंह का शनिवार रात लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में इलाज के दौरान निधन हो गया था।

उनका पार्थिव शरीर रात से ही उनके पौत्र और योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पर रखा गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को विशेष विमान से लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे।

यहां उनकी अगुवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने की।

इसके बाद सीधे उनका काफिल कल्याण सिंह के मॉल एवेन्यू आवास के लिए रवाना हो गया।

यहां पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर पुष्पचक्र अर्पित किया।

इस दौरान उन्होंने परिवार के लोगों से भी भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की।

स्व. कल्याण सिंह के आवास पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा भाजपा के राष्ट्रीय जेपी नड्डा भी थे।

नम आंखों से श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि हम सबके लिए यह शोक की घड़ी है।

उन्होंने जीवन ऐसे जिया कि माता-पिता द्वारा दिए गए नाम को सार्थक कर दिया। उन्होंने जनकल्याण को अपना जीवन समर्पित कर दिया।

देश ने एक मूल्यवान शख्सियत और सामर्थवान नेता खोया है। हम उनके आदर्शों को ध्यान में रखते हुए उनका सपना साकार करने का प्रयास करेंगे।

23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा

रामजन्म भूमि आंदोलन के प्रमुख नायकों में से एक उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार, 23 अगस्त की शाम नरौरा में गंगा नदी के तट पर किया जाएगा।

इसके पूर्व आज शाम उनका पार्थिव शरीर अलीगढ़ पहुंचेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश में तीन दिनों के राजकीय शोक और 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

Share This Article