Airtel CEO meets DGP Anurag Gupta: Airtel के झारखंड-बिहार सर्कल के CEO सुजय चक्रवर्ती ने शुक्रवारको रांची पुलिस मुख्यालय में DGP अनुराग गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने राज्य में बढ़ती साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटने के लिए सहयोगात्मक प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की।
Airtel ने डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अपनी AI-संचालित धोखाधड़ी रोधी प्रणाली की सफलता को साझा किया, जिसने 37 दिनों में झारखंड और बिहार के 61 लाख से अधिक उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित किया है।
AI तकनीक से साइबर ठगी पर प्रहार
सुजय चक्रवर्ती ने बताया कि Airtel की यह अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली सभी मोबाइल और ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए स्वचालित रूप से सक्रिय हो जाती है। यह प्रणाली SMS, WhatsApp, Telegram, Facebook, Instagram, Email और अन्य ब्राउजर्स पर भेजे गए लिंक्स को स्कैन और फिल्टर करती है।
रियल-टाइम थ्रेट इंटेलिजेंस का उपयोग करते हुए यह सिस्टम रोजाना 1 अरब से अधिक URL का विश्लेषण करती है और खतरनाक साइट्स को 100 मिलीसेकंड में ब्लॉक कर देती है।
DGP के साथ चर्चा
DGP अनुराग गुप्ता ने Airtel की इस पहल की सराहना की और कहा कि साइबर ठगी के खिलाफ तकनीकी सहयोग से अपराधियों पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी। उन्होंने झारखंड पुलिस की साइबर सेल को Airtel के साथ समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया। चर्चा में साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों, जैसे फर्जी लिंक, फिशिंग, और UPI फ्रॉड, से निपटने के लिए जागरूकता अभियान और तकनीकी उपायों पर जोर दिया गया।
DGP और Airtel CEO ने की जनता से अपील
DGP और Airtel CEO ने लोगों से अनजान लिंक्स पर क्लिक न करने, अपनी बैंक और UPI जानकारी साझा न करने, और साइबर ठगी की शिकायत तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज करने की अपील की। Airtel ने ग्राहकों को अपनी वेबसाइट और ऐप पर साइबर सुरक्षा टिप्स चेक करने की सलाह दी है।
जानें इसकी विशेषताएं
- ऑटोमैटिक प्रोटेक्शन: सभी Airtel ग्राहकों के लिए बिना अतिरिक्त शुल्क के सक्रिय।
- रियल-टाइम स्कैनिंग: संदिग्ध लिंक और URL को तुरंत डिटेक्ट और ब्लॉक करता है।
- विस्तृत कवरेज: SMS, सोशल मीडिया, और वेब ब्राउजर्स पर व्यापक सुरक्षा।
- तेज कार्रवाई: 100 मिलीसेकंड में खतरनाक साइट्स को ब्लॉक करने की क्षमता।




