पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर AISMJWA की हुंकार, मजदूर दिवस पर जमशेदपुर कार्यक्रम में शामिल होने का निर्णय

AISMJWA की बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर उठी आवाज, मजदूर दिवस पर जमशेदपुर कार्यक्रम में शामिल होने का निर्णय, सरकार से 6 सूत्री मांगें पूरी करने की मांग

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

AISMJWA meeting: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) की बोकारो जिला कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को तेनुघाट प्रेस क्लब में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पर्यवेक्षक सह प्रमंडल प्रभारी राजेश कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा ने की।

बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। इस दौरान बोकारो जिला महासचिव शिव शंकर नोनिया उर्फ पप्पू चौहान ने आगामी 1 मई (मजदूर दिवस) के अवसर पर जमशेदपुर में आयोजित एसोसिएशन के विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।

संगठन की ओर से पत्रकारों की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी 6 सूत्री मांगों को झारखंड सरकार के समक्ष अविलंब पूरा करने की मांग की गई। बैठक में यह भी कहा गया कि पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को त्वरित और ठोस कदम उठाने चाहिए।

बैठक के दौरान हाल ही में दिवंगत हुए वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर कुमार एवं राजेंद्र महतो को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रमंडल प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। झारखंड में पत्रकारों पर लगातार दर्ज हो रहे फर्जी मामलों की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं, जिस पर सरकार को शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए।”

वहीं संगठन के कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार ने कहा, “पत्रकारों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून और प्रभावी व्यवस्था लागू होना अत्यंत आवश्यक है। यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।”

जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में संगठन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, “AISMJWA पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है। सभी साथियों को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना होगा, तभी हम अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचा पाएंगे।”

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर धनबाद जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, बीरेंद्र प्रसाद, शैलेश चन्द्र श्रीवास्तव (ददन), नरेश प्रसाद श्रीवास्तव, रतन कुमार सिन्हा, बॉबी राज, राज कुमार स्वर्णकार, जीवन सागर, जीतेन्द्र चौहान, प्यारे लाल, अनिल कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।