अनगड़ा के इस सरकारी स्कूल में दिखा कमाल! वार्षिक उत्सव में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा और संस्कृति का रंग

अनगड़ा के सरकारी स्कूल में वार्षिक उत्सव की धूम, बच्चों ने लोकगीत, नृत्य और नाटक से जीता दिल, #कल्चरकनेक्ट कार्यक्रम से शिक्षा और संस्कृति का सुंदर संगम दिखा

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अनगड़ा (रांची): रांची जिले के #कल्चरकनेक्ट कार्यक्रम के तहत अनगड़ा प्रखंड के राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डीमरा में बुधवार को वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरा स्कूल परिसर रंग, उमंग और रचनात्मकता से भरा नजर आया, जहां शिक्षा और संस्कृति का खूबसूरत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत कुच्चू पंचायत के मुखिया सहदेव बेदिया ने की। इस दौरान बच्चों ने लोकगीत, पारंपरिक नृत्य, नाटक और प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति में स्थानीय संस्कृति की झलक साफ नजर आई, जिसे देखकर वहां मौजूद अभिभावक और ग्रामीण भावुक हो उठे।

इस मौके पर मुखिया सहदेव बेदिया ने कई नए बच्चों का नामांकन भी कराया। उन्होंने कहा, “#कल्चरकनेक्ट जैसे कार्यक्रम सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाते हैं। इससे अभिभावकों में जागरूकता आती है और बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ अपनी संस्कृति से भी जुड़े रहते हैं।”

विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजू हाजरा ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, “ऐसे आयोजन बच्चों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है, नेतृत्व क्षमता विकसित होती है और अपनी बात रखने का हुनर निखरता है।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान नए नामांकित विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया। इस अवसर पर शिक्षक गंधर्व कुमार महतो, अमित दत्ता, सविता बड़ाईक, पूनम कुजूर, संतोष बेदिया, सावना बेदिया, तेजुवा बेदिया, जगमोहन बेदिया, सुरेश बेदिया, मालिया बेदिया समेत कई शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।