
डेस्क : Apple साल 2026 का अपना पहला बड़ा इवेंट मार्च में करने जा रहा है और टेक दुनिया की नजरें इस पर टिकी हुई हैं। यह खास इवेंट 4 मार्च को आयोजित होगा। माना जा रहा है कि इस बार कंपनी बजट सेगमेंट पर फोकस करते हुए कई नए प्रोडक्ट्स लॉन्च कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सस्ते MacBook से लेकर iPhone 17e तक कई बड़े ऐलान हो सकते हैं। इस बार इवेंट का अंदाज भी थोड़ा अलग होगा। पारंपरिक लॉन्च इवेंट की जगह Apple ने चुनिंदा मीडिया को स्पेशल Apple एक्सपीरियंस के लिए आमंत्रित किया है। यह खास आयोजन न्यूयॉर्क, लंदन और चीन में किया जाएगा। आइए जानते हैं किन-किन प्रोडक्ट्स से पर्दा उठ सकता है ।
सस्ता MacBook
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्च इवेंट में Apple अपनी MacBook सीरीज का अब तक का सबसे किफायती मॉडल पेश कर सकता है। हालांकि, इस नए MacBook का नाम अभी साफ नहीं हुआ है। कहा जा रहा है कि इस किफायती MacBook में A18 Pro चिपसेट दिया जाएगा, जिसका इस्तेमाल iPhone 16 Pro में पहले ही किया जा चुका है। इसमें 12.9 इंच का LCD डिस्प्ले मिल सकता है। कीमत की बात करें तो इसे करीब 46,000 रुपये में लॉन्च किया जा सकता है, जो इसे स्टूडेंट्स और बजट यूजर्स के लिए खास बना सकता है।
iPhone 17e
Apple अपने E-सीरीज के नए iPhone 17e को भी इसी इवेंट में लॉन्च कर सकता है। इससे पहले कंपनी iPhone 16e को पेश कर चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, iPhone 17e में नया A19 चिपसेट दिया जाएगा। इसके साथ ही इसमें MagSafe सपोर्ट भी मिलेगा। माना जा रहा है कि यह iPhone उन यूजर्स के लिए होगा जो कम कीमत में लेटेस्ट iPhone का अनुभव लेना चाहते हैं।
नया MacBook Pro भी आएगा
Apple ने पिछले साल M5 MacBook Pro को पेश किया था। अब कंपनी इसके अपग्रेडेड वर्जन—M5 Pro और M5 Max को लॉन्च करने की तैयारी में है। डिजाइन की बात करें तो नए वेरिएंट्स का लुक काफी हद तक M5 MacBook Pro जैसा ही रह सकता है, लेकिन परफॉर्मेंस के मामले में ये ज्यादा पावरफुल होंगे।
नया iPad Air और 12th Gen iPad
मार्च इवेंट में Apple नए iPad मॉडल्स से भी पर्दा उठा सकता है। इसमें नया iPad Air और 12th Gen iPad शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPad Air में M4 चिपसेट दिया जाएगा। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी फीचर्स और स्पेसिफिकेशन को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कुल मिलाकर, 4 मार्च का Apple इवेंट बजट डिवाइसेज़ के लिए खास साबित हो सकता है। अगर आप नया MacBook, iPhone या iPad लेने की सोच रहे हैं, तो थोड़ा इंतजार फायदेमंद हो सकता है।
