
Mental Health: भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। मेडिकल रिपोर्ट्स इशारा करती हैं कि भारत की बड़ी आबादी स्ट्रेस और एंग्जायटी की चपेट में है। एक अध्ययन के मुताबिक, 77% भारतीय नियमित रूप से तनाव के कम से कम एक लक्षण का अनुभव करते हैं। वहीं, दूसरे सर्वे बताते हैं कि हर 2 में से 1 शहरी भारतीय तनाव से जूझ रहा है, और इसका सीधा असर उसकी रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। खास बात यह है कि युवा पीढ़ी, विशेषकर जेनरेशन जेड में स्ट्रेस का खतरा और भी ज्यादा देखा जा रहा है।
अगर आप भी अक्सर तनाव महसूस करते हैं, काम में मन नहीं लगता, फोकस बनाने में दिक्कत होती है या छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ापन बढ़ गया है, तो इसे हल्के में लेने की गलती न करें। समय रहते ध्यान देना और जरूरत पड़ने पर इलाज कराना बेहद जरूरी है। लंबे समय तक तनाव बने रहने पर डिप्रेशन का खतरा भी बढ़ सकता है।
इसी बीच तनाव से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। वैज्ञानिकों की एक टीम ने अपने अध्ययन में एक आसान और कारगर उपाय का जिक्र किया है। रिसर्च के मुताबिक, तुलसी का सेवन शरीर में कोर्टिसोल (स्ट्रेस हार्मोन) के स्तर को 36% तक कम कर सकता है।ऐसे में अगर आप प्राकृतिक तरीके से तनाव को कंट्रोल करना चाहते हैं, तो अपनी दिनचर्या में तुलसी को शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।

