
रांची : अरगोड़ा (पुराना अरगोड़ा चौक) से नया सराय रिंग रोड वाया पुंदाग पथ तक लगभग 6.175 किलोमीटर लंबी फोर लेन सड़क निर्माण परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में जिला भू-अर्जन कार्यालय, रांची द्वारा प्रारंभिक अधिसूचना जारी की गई है। भूमि अधिग्रहण से संबंधित रैयतों के नाम, खाता संख्या और प्लॉट का विवरण भी अधिसूचना में प्रकाशित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार अरगोड़ा (पुराना अरगोड़ा चौक) से नया सराय (रिंग रोड) तक लगभग 6.175 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
अधिसूचना जारी होने के बाद प्रभावित रैयत 60 दिनों के भीतर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, रांची के कार्यालय में अपनी आपत्ति या दावा दर्ज करा सकते हैं।
इस सड़क निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाना और रिंग रोड से कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। परियोजना के तहत पुल-पुलिया सहित फोर लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए मौजा टुंडुल की विभिन्न खाता एवं प्लॉट से कुल 2.206 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
यह अधिसूचना भू-अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 11(1) के तहत जारी की गई है। इसके अंतर्गत प्रभावित रैयतों को नियमानुसार मुआवजा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
