महागामा में दिनदहाड़े बैंक लूट की कोशिश, सुरक्षा गार्ड को बदमाशों ने मारी गोली

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गोड्डा: सोमवार को झारखंड के महागामा अनुमंडल मुख्यालय क्षेत्र में दिनदहाड़े बैंक लूट की कोशिश की गई। इस घटना से महागामा क्षेत्र में लोगों के बीच हलचल और सनसनी फैल गई। हालांकि बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से बदमाशों की साजिश नाकाम हो गई।

जानकारी के अनुसार, केचुआ चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में हथियारबंद लोगों ने कैश काउंटर लूटने की कोशिश की। घटना को अंजाम देने के लिए करीब पांच अपराधी पहले से बैंक के आसपास नजर लगाए हुए थे। जैसे ही वे अंदर घुसे और लूट की कोशिश की, 50 वर्षीय सुरक्षा गार्ड विनोद सिंह ने उनका विरोध किया। यह देखते ही बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। दो गोलियां उनके कंधे को छूते हुए निकल गईं, जिससे वे घायल हो गए। गोली चलने से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही शाखा प्रबंधक ने तुरंत इमरजेंसी अलार्म बजा दिया। अलार्म की आवाज सुनकर पांचों अपराधी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। घायल गार्ड को महागामा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बैंक के अंदर चार अपराधियों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। सूचना मिलते ही महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

 

Share This Article