
बोकारो: रील्स बनाने का शौक एक छात्र के लिए जानलेवा साबित हुआ। रेलवे के प्रतिबंधित हंप यार्ड में वीडियो शूट करने गए दोस्तों के ग्रुप में अचानक ऐसा हादसा हुआ कि एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना चास निवासी अभिमन्यु बनर्जी से जुड़ी है, जो खाली रेल ऑयल टैंकर पर चढ़कर रील बना रहा था। रील बनाते समय अभिमन्यु भूल गया कि उसके ऊपर हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है। जैसे ही उसने हाथ ऊपर उठाया, वह करीब 25 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि उसके दोस्त कुछ समझ ही नहीं पाए।
दोस्त को बचाने गया, खुद चली गई जान
अभिमन्यु को तड़पते देख उसका दोस्त 16 वर्षीय कौशिक शर्मा दौड़ा और उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन वह भी उसी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि कौशिक मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं अभिमन्यु गंभीर हालत में पटरियों के बीच गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद कौशिक को मृत घोषित किया, जबकि अभिमन्यु का इलाज जारी है।
प्रतिबंधित इलाके में घुसे थे सात छात्र
जानकारी के मुताबिक कुल सात छात्र रेलवे के हंप यार्ड में रील्स और सेल्फी बनाने गए थे। ये इलाके आम लोगों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण छात्र वहां तक पहुंच पाए। आरपीएफ की एसआई अरुणा उरांव ने बताया कि मृतक कौशिक शर्मा के अलावा अभिमन्यु बनर्जी, आदित्य राज, सुयश सिंह, शिवराज सहाय, नफीस आलम और सक्षम कुमार वहां मौजूद थे। घटना के बाद बाकी पांच छात्रों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच का मुख्य मुद्दा यह है कि प्रतिबंधित इलाके में छात्र कैसे पहुंच गए।
