
चाईबासा : सारंडा के जंगल में एक बार फिर नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट हो गया है। इस दौरान कोबरा के सहायक कमांडेंट गंभीर रूप से घायल हो गए है। यह घटना सारंडा वन क्षेत्र के मारंगपोंगा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान रविवार की सुबह हुई। इसमें सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि विस्फोट से उनके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। घायल अधिकारी को जंगल से बाहर निकालने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जाएगा । इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम जिले के एसपी अमित रेनू ने की है।
