लंदन : सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किए गए पूर्व राजकुमार एंड्रयू को रिहा कर दिया गया है। टेम्स वैली पुलिस बल ने बताया कि पूर्व राजकुमार को बृहस्पतिवार शाम को रिहा किया गया। एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को उनकी गिरफ्तारी के लगभग 11 घंटे बाद पूर्वी ब्रिटेन स्थित उनके घर के पास स्थित थाने से कार में निकलते हुए देखा गया। एंड्रयू को उनके खिलाफ जांच जारी रहने के बीच रिहा किया गया है। एंड्रयू को बृहस्पतिवार तड़के उनके घर से उन जांचकर्ताओं ने गिरफ्तार किया था, जो जेफ्री एप्स्टीन से उनके संबंधों की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि उसने एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के घर की तलाशी पूरी कर ली है, लेकिन एक अन्य संपत्ति की तलाशी अभी जारी है। एंड्रयू को बृहस्पतिवार को ब्रिटेन की पुलिस ने जेफ्री एप्स्टीन से उनके संबंधों के कारण सार्वजनिक पद पर कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किया। यह एक असाधारण कदम है, क्योंकि कभी यहां के अधिकारी शाही परिवार को शर्मिंदगी से बचाने की पूरी कोशिश करते थे।

लगभग चार शताब्दियों में यह पहली बार था कि किसी वरिष्ठ ब्रिटिश शाही सदस्य को गिरफ्तार किया गया और इससे यह स्पष्ट होता है कि हाल के वर्षों में राजशाही के प्रति सम्मान किस प्रकार कम हो गया है। महाराजा चार्ल्स तृतीय ने अपने भाई की गिरफ्तारी पर एक बयान जारी करने का असामान्य कदम उठाया। एंड्रयू को अब एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के नाम से जाना जाता है।




