
बुंडू: बुंडू थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुंडू पुलिस ने एक संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, इसके साथ ही तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें और एक ट्रैक्टर भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश अहीर, जीतलाल महली और भूपेश महतो के रूप में हुई है। ये सभी बुंडू थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा ने बताया कि वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया और ताऊ मैदान में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को बाइक के साथ पकड़ा। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरे गिरोह का राज उजागर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर तीनों अपराधियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर 9 चोरी की बाइक और एक ट्रैक्टर बरामद किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
