CM हेमंत सोरेन ने बार्सिलोना में सागरदा फैमिलिया और गावा माइंस म्यूजियम का किया दौरा

News Post
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

CM Hemant Soren visits Sagrada Familia : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अपनी विदेश यात्रा के पहले पड़ाव पर स्पेन के बार्सिलोना पहुंचा। 20 अप्रैल, 2025 को सीएम और उनके प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना के गावा म्यूजियम ऑफ माइंस और विश्व प्रसिद्ध सागरदा फैमिलिया का दौरा किया। इस यात्रा का उद्देश्य झारखंड में खनन, इस्पात, और अन्य उद्योगों में विदेशी निवेश (FDI) को आकर्षित करना, साथ ही सांस्कृतिक और तकनीकी आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

प्रतिनिधिमंडल ने कैटेलोनिया के सांस्कृतिक विभाग द्वारा संचालित गावा म्यूजियम ऑफ माइंस का दौरा किया, जो यूरोप के सबसे पुराने खनन स्थलों में से एक है।

यहां सीएम सोरेन और उनकी टीम ने नवपाषाण युग (लगभग 6,000 साल पुराने) की खनन तकनीकों, अवशेषों, और प्राचीन खदानों के बारे में जानकारी प्राप्त की। म्यूजियम के अधिकारियों ने बताया कि इन खदानों को शिक्षा, विज्ञान, और पर्यटन के लिए पुनर्जनन (रेक्लेमेशन) किया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास का एक मॉडल है।

सीएम ने इस मॉडल को झारखंड के संदर्भ में उपयोगी बताया, जहां खनन एक प्रमुख उद्योग है। उन्होंने कहा, “झारखंड की पुरानी खदानों को शिक्षा और पर्यटन के लिए पुनर्जनन करने की दिशा में हम काम कर सकते हैं। यह रोजगार सृजन और सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण होगा।”

उसी दिन, सीएम हेमंत सोरेन ने बार्सिलोना के प्रतिष्ठित सागरदा फैमिलिया का दौरा किया। यह बेसिलिका, जिसे मशहूर वास्तुकार एंटोनी गौडी ने डिजाइन किया था, 1882 से निर्माणाधीन है और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है।

सीएम और उनके प्रतिनिधिमंडल ने गौडी की अनूठी वास्तुकला, जैसे 18 स्मारकीय स्पायर्स, जटिल नक्काशी, और प्राकृतिक तत्वों से प्रेरित डिजाइन, का अवलोकन किया। भारत के बार्सिलोना दूतावास ने एक्स पर लिखा, “झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने सागरदा फैमिलिया का दौरा किया और गौडी की वास्तुकला के सांस्कृतिक महत्व को समझा।”

सीएम के साथ उनकी पत्नी और गंडेय से JMM विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी (1988 बैच IAS), अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article