
रांची: देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनका स्वागत किया। जैसे ही उपराष्ट्रपति का विमान रांची एयरपोर्ट पर उतरा, वहां मौजूद गणमान्य व्यक्तियों ने उनका अभिनंदन किया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच स्वागत समारोह संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका झारखंड का पहला दौरा है, इसलिए इसे विशेष माना जा रहा है।
उलिहातू में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि
अपने दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति खूंटी जिले के उलिहातू गांव भी जाएंगे। यह वही स्थान है जहां भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था। यहां वे बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिवार के वंशजों से मुलाकात कर बातचीत भी करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में खास उत्साह है।
IIM रांची के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
उपराष्ट्रपति रांची लौटकर IIM रांची के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर वे मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे और छात्रों को संबोधित भी करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर बाद आयोजित होगा।
झारखंड से रहा है खास जुड़ाव
सीपी राधाकृष्णन का झारखंड से पुराना संबंध रहा है। वे पहले राज्यपाल के रूप में यहां अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में उनका यह दौरा न केवल औपचारिक है, बल्कि भावनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
