मौसम बदलते ही पड़ जाते हैं बीमार? जानिए इम्यूनिटी बढ़ाने वाले 5 सुपरफूड जो आपको रखेंगे फिट और हेल्दी

Vinita Choubey
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

डेस्क : सर्दी का मौसम जाते ही और गर्मी दस्तक देते ही कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगती है। इसकी बड़ी वजह है शरीर के तापमान में तेजी से होने वाला बदलाव और एलर्जी पैदा करने वाले तत्वों के संपर्क में बढ़ोतरी। ऐसे समय में शरीर को खुद को संतुलित रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिसका असर सीधे हमारी इम्यूनिटी पर पड़ता है। जब इम्यून सिस्टम कमजोर होने लगता है तो हम जल्दी-जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। इसलिए मौसम बदलते समय खानपान का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है। कुछ ऐसी चीजें हैं जिन्हें डाइट में शामिल कर आप अपनी इम्यूनिटी मजबूत रख सकते हैं और मौसमी बीमारियों से बच सकते हैं।

मौसम में बदलाव के दौरान होने वाले इंफेक्शन

वायरल बुखार

सर्दी और गले में खराश

मौसमी फ्लू

निमोनिया

साइनस इंफेक्शन

अस्थमा की समस्या

अब सवाल है कि ऐसे समय में क्या खाएं जिससे शरीर मजबूत बना रहे? आइए जानते हैं कुछ असरदार फूड्स के बारे में।

ब्रोकली

ब्रोकली को सुपरफूड कहा जाए तो गलत नहीं होगा। इसमें पोटेशियम, सेलेनियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। साथ ही यह प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है। इसमें विटामिन फोलेट, ए, सी, ई और के भी मौजूद होते हैं। ब्रोकली में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं और शरीर को बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं।

पालक

हरी पत्तेदार सब्जियों में पालक का नाम सबसे ऊपर आता है। यह पोषक तत्वों का खजाना है। अच्छी बात यह है कि सर्दी खत्म होते-होते भी पालक आसानी से मिल जाती है। आप इसे सूप, पास्ता, सब्जी, स्नैक्स या ब्रेड के साथ भी शामिल कर सकते हैं। पालक  में मैग्नीशियम, विटामिन ई और बीटा-कैरोटीन (एंटीऑक्सीडेंट) भरपूर मात्रा में होता है, जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करता है।

लो-फैट दही

लो-फैट दही प्रोटीन, मिनरल्स और प्रोबायोटिक्स का बेहतरीन स्रोत है। खासकर बीमार होने के दौरान यह सेहत सुधारने में मददगार साबित होता है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं और पाचन तंत्र को संतुलित रखते हैं। दही में जिंक, मैग्नीशियम, सेलेनियम, विटामिन डी और राइबोफ्लेविन जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

संतरा

विटामिन सी की बात हो और संतरे का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। यह लगभग हर मौसम में आसानी से मिल जाता है। संतरे में विटामिन सी के साथ-साथ कैल्शियम, फॉस्फोरस, पोटेशियम और मैग्नीशियम भी अच्छी मात्रा में होते हैं। इसे नियमित रूप से खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।

चुकंदर

चुकंदर आयरन, विटामिन सी, फोलेट, पोटेशियम और फाइबर से भरपूर होता है। यह न सिर्फ इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है, बल्कि ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में भी सहायक है। इसके अलावा चुकंदर शरीर को कई तरह के संक्रमणों से लड़ने की ताकत देता है। मौसम बदलते समय छोटी-छोटी सावधानियां और सही खानपान आपको बड़ी बीमारियों से बचा सकता है। इसलिए अपनी डाइट में इन चीजों को जरूर शामिल करें और बदलते मौसम में भी खुद को रखें पूरी तरह फिट और एक्टिव।

 

Share This Article