फीस कटौती की मांग को लेकर DSPMU में छात्र आंदोलन तेज, तालाबंदी की चेतावनी

डीएसपीएमयू में फीस वृद्धि के खिलाफ कॉमर्स छात्रों का विरोध तेज, 9 अप्रैल तक मांगें पूरी नहीं होने पर प्रशासनिक भवन और विभाग में तालाबंदी की दी चेतावनी

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में कॉमर्स विभाग के छात्रों द्वारा फीस कटौती की मांग को लेकर विरोध तेज हो गया है। छात्रों ने नव नियुक्त कुलपति राजीव मनोहर को 18 मार्च को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं होने से असंतोष बढ़ता जा रहा है। छात्रों का कहना है कि यदि 9 अप्रैल तक उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वे पूरे कॉमर्स विभाग और प्रशासनिक भवन की तालाबंदी करेंगे।

जानकारी के अनुसार, कॉमर्स विभाग में हुई फीस वृद्धि के विरोध में छात्रों ने कुलपति से शुल्क कम करने की मांग की थी। इस पर कुलपति ने शुरुआत में एक सप्ताह का समय मांगा था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कोई निर्णय नहीं लिया गया। इसके बाद छात्रों ने पुनः कुलपति से मुलाकात की, जहां उन्होंने मामले की पूरी जानकारी न होने की बात कहकर दो दिन का अतिरिक्त समय मांगा।

हालांकि, दो दिन बीतने के बावजूद भी इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कुलपति ने कहा है कि विश्वविद्यालय में 2 से 9 अप्रैल तक परीक्षाएं निर्धारित हैं, इसलिए इस मुद्दे पर परीक्षा के बाद ही कार्रवाई संभव होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फीस संबंधी समस्या के कारण किसी भी छात्र को परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर इस विषय पर निर्णय लिया जाएगा।

इधर, छात्रों ने चेतावनी दी है कि परीक्षा समाप्त होते ही वे कॉमर्स विभाग और प्रशासनिक भवन में तालाबंदी करेंगे। उनका कहना है कि जब तक फीस कटौती को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

 

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।