झारखंड

कोरोनाकाल का संकट बताने भर से सरकार की नाकामियां नहीं छिप सकती: सुदेश महतो

रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि हेमंत सोरेन की सरकार ने पहले साल में ही जनता के विश्वास को तोड़ा है।

चुनाव से पहले किए तमाम घोषणाएं और वादे के साथ विश्वासघात किया गया है।

सबसे ज्यादा विश्वासघात हुआ है झारखंडी भावना और जनादेश के साथ।

भावनाओं के साथ खिलवाड़ खतरनाक होता है। महतो ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में विश्वासघात दिवस कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि ‘विश्वासघात’ शब्द के मायने हैं।

हमारी पार्टी बहुत सहजता और भरोसे के साथ सरकार को चुनौती देती है कि वह झारखंड में अबुआ राज स्थापित करने के स्लोगन गढ़े, पर युवा, किसान, महिला, बेरोजगार, लाचार, बुजुर्ग और प्रबुद्धजनों के विश्वास को नहीं तोड़े।

कोरोनाकाल का संकट बताने भर से सरकार की नाकामियां नहीं छिप सकती।

उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी महज विरोध की खातिर आज पूरे राज्य में ‘विश्वासघात दिवस’ नहीं मना रही है, बल्कि राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता को विचार मंथन और जनादेश का हिसाब लेने के लिए जगा रही है।

दरअसल जनता ने जिन उम्मीदों के साथ सरकार को मजबूत जनादेश दिया है, उस कसौटी पर सरकार एक साल में कितना कारगर रही है, इसका हिसाब-किताब बेहद जरूरी है।

महतो ने कहा, ‘‘सरकार चाहे कितने बड़े समारोह करे, आंकड़ों की बाजीगरी करे, झूठ का तिलिस्म सजाए, पर राज्य जिस पीड़ा और बेचौनी से गुजर रहा है, उसमें आपके वादे, इरादे, समझदारी और काम करने के तौर तरीके बेनकाब हो गए हैं।

झारखंड को इस हाल में सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।

जनता को एकजुट करने के साथ यह पहरेदारी हम आगले चार साल तक करते रहेंगे।

सरकार की नीतियां और सिस्टम पर पकड़ का जो हाल है, उसके स्पष्ट संकेत है कि अगले चार साल झारखंड के लिए भयावह दौर होगा।’’

आजसू पार्टी की ओर से कहा गया है कि विश्वासघात दिवस इसलिए मनाया जा रहा है कि पूरे एक साल कोई नियुक्ति नहीं हुई और न ही परीक्षा ली गयी।

जबकि वादा सत्ता में आते ही पहले साल पांच लाख नौकरियां देने का किया गया था।

पंचायत चुनाव कराने में सरकार विफल रही। जल, जगंल, जमीन की सुरक्षा के ध्येय और वादे के साथ सत्तारूढ़ हुए, पर पूरे राज्य में बालू, पत्थर और खनिज संपदा की लूट मची है. एनजीटी के आदेश की धज्जियां उड़ती रही।

टेंडर और चालान के नाम पर लूट का खेल जारी है।

पूरे राज्य में विश्वासघात दिवस आयोजित किया गया। इस मौके पर हर जिला में जनपंचायत लगाकर सरकार के विश्वासमत लेने के पूर्व किए गए वादों को बताया गया।

रांची में आयोजित कार्यक्रम में रांची जिला परिषद अध्यक्ष सुकरा सिंह मुण्डा, जिप उपाध्यक्ष पार्वती देवी, केंद्रीय उपाध्यक्ष जयपाल सिंह, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता, केंद्रीय प्रवक्ता जयंत घोष एवं मनोज सिंह, केंद्रीय सचिव सुनिल सिंह, सुशील महतो, बनमाली मंडल, जिप सदस्य गौतम साहु, सरिता देवी, फुलकुमारी देवी, सुमन मुंडरी, वर्षा गाड़ी, हेमलता उरांव, भरत काशी, ओम वर्मा, ज्योत्सना केरकेट्टा इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker