
धनबाद : धनबाद के तेतुलमारी थाना क्षेत्र में स्थित बीसीसीएल के एरिया-4 अंतर्गत संचालित एक आउटसोर्सिंग खदान में शनिवार को अचानक हालात खराब हो गई। जमीन के भीतर सुलग रही आग तेज हो गई और देखते ही देखते काला धुआं तथा जहरीली गैस बाहर निकलने लगी। इस घटना से आसपास के करीब दो हजार लोगों की आबादी प्रभावित बताई जा रही है। कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और घबराहट की शिकायत की।
इलाके में दहशत, सड़क जाम कर जताया विरोध
स्थिति गंभीर होते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सिजुआ-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से जमीन के भीतर आग धधक रही थी और गैस रिसाव की समस्या बनी हुई थी, लेकिन इस पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार को अचानक धुआं और बदबूदार गैस तेजी से फैलने लगी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, कार्रवाई का आश्वासन
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर हालात को नियंत्रित करने का भरोसा दिया। आग और गैस रिसाव पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। फिलहाल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुरानी समस्या, स्थायी समाधान की मांग
धनबाद कोलफील्ड क्षेत्र में भूमिगत आग की समस्या कोई नई नहीं है। समय-समय पर आग और गैस रिसाव की घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस बार स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों की जान-माल सुरक्षित रहे।

