
Mourning before marriage in Gandey : झारखंड के गांडेय प्रखंड अंतर्गत दासडीह पंचायत के बांसडीह गांव में मंगलवार दोपहर एक घर में भीषण आग लगने से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। इस अगलगी में घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित गुल मोहम्मद के घर में उनकी दो बेटियों की शादी 25 मार्च को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और पूरा परिवार उत्सव के माहौल में था। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने मोटर और बाल्टी की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी मो. हुसैन, स्थानीय थाना पुलिस, मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र मंडल और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
पीड़ित के अनुसार, आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग करने की बात कही है।
इस हादसे में कूलर, फ्रिज, सोफा, पलंग, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल, वाशिंग मशीन, एलसीडी टीवी, कपड़े, 50 साड़ियां, 60 सूट, नकद 80 हजार रुपये, इन्वर्टर-बैटरी समेत टेंट का भारी सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
गुल मोहम्मद टेंट मजदूरी का काम करते हैं और उनकी सात बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। इस घटना ने परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया है। फिलहाल प्रशासन से राहत की उम्मीद जताई जा रही है।
