
Four Lane Highway : झारखंड में पर्यटन को नई दिशा देने के लिए पथ निर्माण विभाग ने अहम कदम उठाया है। घाघरा से नेतरहाट तक की सड़क को फोर-लेन टूरिज्म हाईवे के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना के लिए डीपीआर तैयार करने हेतु कंसल्टेंसी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस योजना के तहत सड़क को आधुनिक तकनीक और मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में टनल निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे यात्रा की दूरी कम होगी और सुरक्षा बेहतर होगी। एजेंसी द्वारा सड़क की वर्तमान स्थिति, ट्रैफिक दबाव, भौगोलिक परिस्थितियों और आवश्यक भूमि का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।
घाघरा से नेतरहाट तक की मौजूदा सड़क कई स्थानों पर संकरी और घुमावदार है। यह मार्ग गुमला, लोहरदगा और नेतरहाट को जोड़ता है, जहां लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण यात्रा में कठिनाई होती है। विशेष रूप से पहाड़ी चढ़ाई वाले हिस्सों में भारी वाहनों का संचालन चुनौतीपूर्ण होता है।
इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ सुरक्षित मोड़, टनल और अन्य आधुनिक सुविधाओं पर काम किया जाएगा। चयनित एजेंसी को 90 दिनों के भीतर फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डीपीआर तैयार कर विभाग को सौंपना होगा।
सरकार इस परियोजना को नेतरहाट क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण मान रही है। सड़क के बेहतर होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय लोगों के लिए व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
