
Giridih Road Accident : गांडेय थाना क्षेत्र के मेदनीसारे गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र के पिपराटांड़ निवासी मोहम्मद अजहर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अजहर गिरिडीह के भंडारीडीह स्थित एक अंडा दुकान में काम करता था और रोज की तरह शुक्रवार सुबह मैजिक मालवाहक वाहन से अंडा सप्लाई करने निकला था। विभिन्न जगहों पर सप्लाई करते हुए जैसे ही वह मेदनीसारे गांव के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार 407 मालवाहक वाहन ने उसके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अजहर गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में ही फंस गया। हादसे के बाद 407 वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि अजहर दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं—एक दो वर्षीय बेटा और तीन माह की बेटी।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

