रांची: राज्य में बढ़ते साइबर अपराध के बीच सरकार ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार साइबर ठगी के शिकार लोगों को अब तक 11.97 करोड़ रुपये वापस कराए गए हैं। यह खुलासा एक तारांकित प्रश्न के जवाब में हुआ। विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के सवाल पर सरकार ने विस्तृत आंकड़े पेश किए।
विधानसभा में क्या बताया गया?
सरकार ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान साइबर ठगी के कुल 1499 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों की जांच में पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने तेजी दिखाई। कार्रवाई के दौरान अब तक 1341 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सरकार का कहना है कि साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

पीड़ितों को मिली बड़ी राहत
सबसे राहत की बात यह है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर 11.97 करोड़ रुपये की ठगी की रकम पीड़ितों को वापस दिलाई गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन करते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सतर्क रहें। साथ ही, किसी भी तरह की ठगी की आशंका होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।




