बिहार में प्रमंडल से जिला स्तर तक एसटीएफ की तैनाती होगी-सम्राट चौधरी

Neeral Prakash
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सीआईएसएफ की तर्ज पर बीआईएसएफ नाम की दो नई बटालियन गठित की जायेगी

रांची: बिहार में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अब प्रमंडल से जिला स्तर तक विशेष टास्क फोर्स (एसटीएफ)की तैनाती की जायेगी। उपमुख्यमंत्री और गृह विभाग के प्रभारी सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विधानसभा में यह घोषणा की। सदन में गृह विभाग के बजट पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि उद्योगों को बेहतर सुरक्षा देने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तर्ज पर राज्य में बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल(बीआईएसएफ) नाम की दो नई बटालियन गठित की जायेगी।चर्चा के दौरान विपक्ष की ओर से उठाये गए कानून-व्यवस्था के सवाल को लेकर उन्होने राजद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद रोजाना अपना पहला ट्वीट अपराध को लेकर करती है, लेकिन इससे बड़ी शर्म की बात और क्या हो सकती है कि गृह विभाग के बजट पर राजद की ओर से कोई कटौती प्रस्ताव तक नहीं दिया गया। सम्राट चौधरी द्वारा राजद को निशाना पर लेने के बाद विपक्ष के सदस्यों ने सदन से वाकआउट किया।

गृह मंत्री ने कहा कि आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से लाखों लोगों को त्वरित सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा से जुड़े साढ़े चार लाख मामले सामने आए हैं, जिन पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। दायित्व भले बदला हो, लेकिन आज भी अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ही होता है। उन्होने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि हत्या और डकैती के मामलों में करीब सात हजार, लूट के ढाई हजार और पुलिस पर हमले के मामलों में 2700 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में कोई भी अपराधी बचकर नहीं निकल सकता। वर्ष 2025 से अब तक 3.86 लाख से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की गई है। राजद पर हमला जारी रखते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में सुशासन नहीं था और इसी कारण 1994 में नीतीश कुमार उनसे अलग हुए, क्योंकि सत्ता के जरिए सुशासन स्थापित नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरी छूट दी गई है ताकि सुशासन लागू किया जा सके। सांसद पप्पू यादव पर तंज कसते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि “हाथी भी बीमार होकर अस्पताल जाना चाहता है।” उन्होंने याद दिलाया कि पप्पू यादव ने कभी कहा था कि बिहार पुलिस “चींटी भी नहीं मार सकती”, जबकि आज वही व्यक्ति अस्पताल जाने की बात कर रहा है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई यह कहता है कि किसी नेता का बेटा अपराध में शामिल है, तो नाम बताइए, 24 घंटे के भीतर उसे जेल भेजा जाएगा। सम्राट चौधरी ने बताया कि सात निश्चय पार्ट-3 के तहत उद्योग स्थापित करने की व्यवस्था करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है।

सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में कुख्यात अपराधियों के लिए अलग तरह की हाई-सिक्योरिटी जेल बनाई जाएगी, जिसे उन्होंने ‘कालापानी’ की संज्ञा दी। यह जेल पहाड़ी इलाके में बनाई जाएगी, जहां सिर्फ एक ही रास्ता होगा। यहां रखे गए कैदी पूरी तरह बाहरी दुनिया से कटे रहेंगे। उन्होंने कहा कि इससे मौजूदा जेलों से संचालित होने वाली समानांतर आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी। अपराध के आंकड़े पेश करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि फिरौती के लिए अपहरण के मामलों में बिहार देश में सबसे निचले पायदान पर है, यानी यहां ऐसे मामलों की संख्या सबसे कम है। डकैती के मामलों में बिहार 31वें स्थान पर है, महिलाओं पर हमले के मामलों में 35वें, यौन उत्पीड़न के मामलों में भी 35वें स्थान पर है। बलात्कार के मामलों में अपराध दर के लिहाज से बिहार 35वें स्थान पर है, जबकि हत्या के मामलों में राज्य 11वें स्थान पर है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।