
Gurugram News : आईएमटी मानेसर में अपनी मांगों को लेकर एक दिन पहले हड़ताल पर गए ठेका कर्मचारियों पर दूसरे दिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कर्मचारी कंपनी गेट पर हड़ताल के लिए एकत्रित हुए थे।
इसी बीच पुलिस ने धारा 163 लगे होने पर उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठियां मारीं। इसमें कई कर्मचारी घायल हो गए। इस घटना में एक कर्मचारी का सिर फूट गया तो किसी के हाथ व मुंह पर गहरी चोटें आई।
गुरुवार की सुबह जब कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर एकजुट हो रहे थे तो पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ना चाहा। विवाद बढ़ गया और पुलिस ने कर्मचारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। कर्मचारी बचाव के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस की लाठी से एक कर्मचारी की सिर फूट गया।
इससे कर्मचारियों में आक्रोश पैदा हो गया। कर्मचारी अब तक तो कंपनी प्रबंधन के खिलाफ ही थे, अब वे पुलिस के भी खिलाफ हो गए हैं।
पुलिस की कार्यप्रणाली से उनमें रोष है। पुलिस की इस कार्रवाई से कर्मचारियों का विरोध और अधिक बढ़ गया। कर्मचारियों ने ऐलान किया कि अपनी मांगों के पूरा हुए बिना वे काम पर नहीं लौटेंगे। कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए डीसी की ओर से मानेसर में धारा 163 भी लगाई गई है।
बता दें, आईएमटी मानेसर में 10 कंपनियों के करीब तीन हजार कर्मचारी बुधवार से हड़ताल पर हैं। गारमेंट एवं ऑटोमोबाइल कंपनियों के इन कर्मचारियों की कई मांगें हैं। ठेके के कर्मचारियों का कंपनियां लंबे समय से शोषण कर रही हैं। न्यूनतम मजदूरी, ओवर टाइम भुगतान, सुरक्षा और स्थायीकरण जैसी मांगें वर्षों से लंबित हैं। कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

