
हजारीबाग: हजारीबाग में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस घटना पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गहरा दुख जताया। इसके साथ ही राज्य सरकार पर निशाना साधाते हुए कहा कि राज्य में लगातार बेटियों और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान बच्ची का अपहरण कर लिया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आदित्य साहू ने कहा कि ऐसी भयावह घटना पहले कभी सुनने को नहीं मिली। लोग रातभर बच्ची की तलाश करते रहे, लेकिन वह नहीं मिली। बाद में उसकी हत्या की खबर सामने आई।
मुआवजे पर भी उठाए सवाल
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचा। जब हमने आवाज उठाई, तब कांग्रेस नेता वहां पहुंचे और एक लाख रुपये का मुआवजा देकर प्रचार करने लगे।
2 दिन का अल्टीमेटम, फिर सड़क पर उतरेगी बीजेपी
आदित्य साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिन के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 2 तारीख को बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। इसके बाद 3 तारीख को पूरे झारखंड बंद का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।
