ब्रिटेन में हिंदू मंदिर के बंद होने का खतरा, काउंसिल ने भवन को बेचने का निर्णय लिया

Neeral Prakash
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लंदन: पूर्वी ब्रिटेन के पीटरबरो शहर में एक परिसर में मौजूद 40 साल पुराने हिंदू मंदिर और कम्युनिटी सेंटर के बंद होने का डर है, क्योंकि स्थानीय प्राधिकारियों ने इस भवन को बेचने के फैसले को सही ठहराया है जो मंदिर के लिए किराये पर दिया गया है। भारत हिंदू समाज मंदिर की स्थापना 1986 में शहर के न्यू इंग्लैंड कॉम्प्लेक्स में हुई थी और कैम्ब्रिजशायर, नॉरफॉक तथा लिंकनशायर के बड़े इलाके के 13,000 से अधिक हिंदू यहां दर्शन करने आते हैं।

हालांकि, इस महीने की शुरुआत में हुई परिषद की कैबिनेट बैठक में यह निष्कर्ष निकाला गया कि “संपत्तियों की बिक्री पर करदाताओं के लिए सर्वोत्तम मूल्य प्राप्त करना उसका कानूनी दायित्व है”। मंदिर ने एक बयान में कहा, “हम भारत हिंदू समाज की बिक्री की कड़ी निंदा करते हैं। समुदाय द्वारा निर्मित एक संस्था को पारदर्शिता या सहमति के बिना बंद दरवाजों के पीछे नहीं बेचा जाना चाहिए।

“यह सिर्फ संपत्ति का मामला नहीं है – यह विरासत, विश्वास और जवाबदेही का मामला है। समुदाय जवाब का हकदार है, गोपनीयता का नहीं। इस फैसले पर सवाल उठाया जाना चाहिए और इसका विरोध किया जाना चाहिए,”
इसमें कहा गया। ब्रिटिश हिंदुओं का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था हिंदू काउंसिल यूके (एचसीयूके) ने लेबर पार्टी के नेतृत्व वाली पीटरबरो सिटी काउंसिल (पीसीसी) के नए प्रशासन पर मंदिर के “सामाजिक प्रभाव मूल्य” की पूर्व स्वीकृति और भारत हिंदू समाज (बीएचएस) चैरिटी को स्वामित्व हस्तांतरित करने की प्रतिबद्धता की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। एचसीयूके का दावा है कि चैरिटी द्वारा कैबिनेट की मंजूरी के लिए कई खरीद प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए थे, जिनमें पिछले साल अप्रैल में 13 लाख पाउंड का प्रस्ताव भी शामिल था।

एचसीयूके के समानता और समावेश निदेशक, दिपेन राजगुरु ने एक बयान में कहा, “हालांकि, पीसीसी के नए प्रशासन के तहत इस प्रस्ताव को नजरअंदाज कर दिया गया है और बीएचएस को सूचित किया गया है कि परिषद के ऋणों को कम करने के लिए, उसे खुले बाजार मूल्य के आधार पर उच्चतम बोली लगाने वाले को यह स्थल बेचना होगा।” यह संगठन उन संगठनों में शामिल है जो प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से इस पूजा स्थल की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करने की अपील कर रहे हैं। खुले बाजार में बिक्री के विरोध में Change.Org पर एक ऑनलाइन याचिका पर 16,000 से अधिक हस्ताक्षर हो चुके हैं। “भारत हिंदू समाज मंदिर की बिक्री न केवल हमारी पवित्र मूर्तियों का अपमान करेगी, बल्कि हमारे आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन में एक गहरा शून्य पैदा करेगी, जिससे हजारों लोग अपनी परंपराओं और मान्यताओं के लिए आश्रय स्थल से वंचित हो जाएंगे। परिषद का यह निर्णय मंदिर के साथ हमारे गहरे भावनात्मक और आध्यात्मिक संबंधों की अनदेखी करता प्रतीत होता है,” याचिका में लिखा है। पीटरबरो नगर परिषद ने पुष्टि की कि उसके मंत्रिमंडल ने 10 फरवरी को हुई बैठक में संपत्ति बोर्ड की मूल सिफारिश के अनुरूप न्यू इंग्लैंड कॉम्प्लेक्स को बेचने के अपने पूर्व निर्णय को बरकरार रखा है। “यह स्पष्ट करना महत्वपूर्ण है कि हम भवन को खाली कब्जे के साथ नहीं बेच रहे हैं – भवन को किरायेदारों के साथ बेचा जा रहा है।” “परिषद का यह कानूनी दायित्व है कि संपत्तियों की बिक्री से करदाताओं को सर्वोत्तम मूल्य प्राप्त हो। बिक्री पूरी होने तक हम बोली लगाने वालों के नाम नहीं बताएंगे,” परिषद के एक बयान में कहा गया है।

परिषद के वित्त और कॉर्पोरेट प्रशासन के कैबिनेट सदस्य, पार्षद मोहम्मद जमील ने कहा कि वे हिंदू समुदाय की चिंताओं को “पूरी तरह समझते हैं” और इस निर्णय से प्रभावित सभी लोगों का समर्थन करने के लिए उनके और भवन के अन्य किरायेदारों के साथ काम करना जारी रखेंगे। जमील ने कहा, “अधिकारी जल्द ही सभी किरायेदारों को सूचना भेजेंगे और इस स्थिति पर अधिक विस्तार से चर्चा करने के लिए बैठकों का स्वागत करते हैं। मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि भवन किरायेदारों के साथ बेचा जा रहा है, हम खाली कब्जा नहीं मांग रहे हैं और मौजूदा किरायेदारों के पास उनके मौजूदा पट्टे के अनुसार अधिकार हैं।”

Share This Article