
IIT ISM Dhanbad : Indian Institute of Technology (Indian School of Mines) Dhanbad में 6 और 7 अप्रैल को ‘इंवेंटिव 2026’ के चौथे संस्करण का आयोजन होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का उद्देश्य देश में शोध और नवाचार को नई दिशा देना और “रिसर्च से इंपैक्ट” की प्रक्रिया को तेज करना है।
यह आयोजन देश के प्रमुख आईआईटी—IIT (BHU) Varanasi, IIT Patna, IIT Kharagpur और IIT Bhubaneswar के संयुक्त सहयोग से हो रहा है, जिसकी मेजबानी IIT (ISM) धनबाद कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संस्थानों को अलग-अलग थीम दी गई हैं, जिनके तहत शोधकर्ता अपने प्रोजेक्ट्स और नवाचारों का लाइव प्रदर्शन करेंगे। 6 अप्रैल से शुरू होने वाले इस आयोजन में कई स्टार्टअप्स भी हिस्सा लेंगे और अपने नए आइडियाज पेश करेंगे। इस मंच को रिसर्च और इंडस्ट्री के बीच मजबूत कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले ‘इंवेंटिव 2026’ का सफल आयोजन IIT Bombay में किया जा चुका है। इस कार्यक्रम के जरिए चुने गए स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने प्रोजेक्ट्स पेश करने का अवसर मिलेगा, जहां वे निवेशकों से सीधे संवाद कर सकेंगे।
यह पहल “भारत इनोवेट्स” कार्यक्रम से जुड़ी हुई है, जो नरेंद्र मोदी की सोच से प्रेरित है। ‘इंवेंटिव’ के तहत उभरने वाले नवाचारों को आगे “भारत इनोवेट्स” के मंच पर भी स्थान मिलेगा।
इस आयोजन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मटेरियल साइंस, हेल्थकेयर, अर्थ साइंस और सेमीकंडक्टर जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा, जहां रिसर्च को व्यावहारिक रूप देने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन 6 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे। संस्थान के निदेशक सुकुमार मिश्रा के अनुसार, देश के 23 आईआईटी में से 15 संस्थानों ने अब तक अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है।
यह आयोजन न केवल शोधकर्ताओं बल्कि स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होने जा रहा है, जहां नए विचारों को पहचान और वैश्विक मंच मिल सकेगा।
