
नयी दिल्ली: भारत ने मंगलवार को ईरान में अपने नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी, क्योंकि अमेरिका और इजराइल के ताजा सैन्य हमलों के मद्देनजर वहां स्थिति बिगड़ गई है।
तेहरान में भारतीय दूतावास ने एक ताजा परामर्श में कहा, ‘‘बदलते हालात को देखते हुए, ईरान में सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक गतिविधियों से बचने और जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है।’’ दूतावास ने कहा कि सभी भारतीय नागरिक खबरों पर नजर बनाए रखें, आसपास की स्थिति के प्रति जागरूक रहें और भारतीय दूतावास से मिलने वाले आगे के निर्देशों का इंतजार करें। यह परामर्श उस समय जारी किया गया जब इजराइल ने शनिवार को ईरान के खिलाफ पूर्व-नियोजित सैन्य हमला किया।
