JAC बोर्ड परीक्षा 2026 की तारीखें घोषित, 3 फरवरी से शुरू होंगे एग्जाम

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (Jharkhand Academic Council) ने बोर्ड परीक्षा 2026 की डेटशीट जारी कर दी है। इस बार भी मैट्रिक (10वीं) और इंटर (12वीं) की परीक्षाएं फरवरी महीने में आयोजित की जाएंगी। बोर्ड की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से शुरू होंगी।

मैट्रिक और इंटर परीक्षा की पूरी अवधि

जैक द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू होकर 17 फरवरी 2026 तक चलेंगी। वहीं 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू होकर 23 फरवरी 2026 को समाप्त होंगी। इन परीक्षाओं के लिए राज्यभर में 1,200 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, ताकि सभी छात्रों को सुविधा मिल सके और परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित हो सके।

 दो पालियों में होंगी बोर्ड परीक्षाएं

मैट्रिक और इंटर दोनों की परीक्षाएं दो पालियों में कराई जाएंगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक होगी। दूसरी पाली दोपहर 1:45 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले ही अपने केंद्र पर पहुंच जाएं। परीक्षा का पूरा विषयवार शेड्यूल जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

 जनवरी में मिलेंगे एडमिट कार्ड

बोर्ड की ओर से यह भी बताया गया है कि 10वीं और 12वीं के एडमिट कार्ड जनवरी 2026 में जारी किए जाएंगे। एडमिट कार्ड छात्रों को उनके संबंधित स्कूलों के माध्यम से दिए जाएंगे। सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे समय पर छात्रों को एडमिट कार्ड दें और परीक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी भी साझा करें।

परीक्षा केंद्रों पर सख्ती, मोबाइल पूरी तरह बैन

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर मोबाइल फोन और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। छात्र-छात्राएं इन दिनों परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। शिक्षक भी मॉडल प्रश्नपत्रों और पिछले वर्षों के सवालों से अभ्यास करा रहे हैं। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, तय ड्रेस कोड में आएं और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें।

Share This Article