
रांची: झारखंड एलिजिबिलिटी टेस्ट (JET) 2024 की परीक्षा अब 26 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। इस संबंध में जेपीएससी (JPSC) की ओर से गुरुवार को अदालत में शपथ पत्र दाखिल कर जानकारी दी गई। जेपीएससी सचिव की ओर से अधिवक्ता ने कोर्ट को जानकारी दी कि परीक्षा की नई तिथि निर्धारित कर दी गई है। इसका परिणाम मई 2026 के दूसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा।
दरअसल JET 2024 परीक्षा की तिथि को लेकर मामला अदालत में चल रहा था। सुनवाई के दौरान आयोग की ओर से शपथ पत्र के माध्यम से परीक्षा की नई तिथि और परिणाम जारी करने की संभावित समयसीमा की जानकारी दी गई। आयोग ने अदालत को बताया कि परीक्षा आयोजित करने की सभी तैयारियां की जा रही हैं।
बता दें कि यह परीक्षा राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को जल्द ही एडमिट कार्ड और परीक्षा से संबंधित अन्य निर्देश जारी किए जाएंगे। आयोग की ओर से कहा गया है कि परीक्षा प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां की जा रही हैं।
गौरतलब है कि परीक्षा कार्यक्रम को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब आयोग की ओर से स्पष्ट तिथि दिए जाने के बाद उम्मीदवारों को राहत मिली है। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद आयोग मई के दूसरे सप्ताह तक परिणाम जारी करने की तैयारी में है।
