रांची : झारखंड में फरवरी का तीसरा सप्ताह समाप्त होने से पहले ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। रांची मौसम केंद्र की ओर से जारी ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, चाईबासा में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 4.1 डिग्री अधिक है। वहीं जमशेदपुर में तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस, और राजधानी रांची में अधिकतम 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। लातेहार में सबसे कम अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो में अधिकतम 31.5 और न्यूनतम 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा।जमशेदपुर में न्यूनतम 17.4 डिग्री, जबकि डाल्टनगंज में अधिकतम 30.4 और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी के संकेत
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला AWS में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दोपहर में धूप के तेवर तीखे हो गए हैं।

मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में होगी और बढ़ोतरी
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई है, जिससे हवा में नमी कम और मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है।




