
Jharkhand Police will Get Modern Weapons: झारखंड पुलिस को आधुनिक हथियारों और तकनीकी उपकरणों से लैस करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से नए हथियार और अत्याधुनिक संसाधन खरीदे जाएंगे। यह खरीद केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत की जाएगी।
इस योजना के तहत पुलिस को ड्रोन, नाइट विजन कैमरा, हाई-रेंज राइफल सहित कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इन संसाधनों से नक्सल प्रभावित और दुर्गम इलाकों में सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा ऑपरेशन चलाना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा।
हाल ही में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में सामने आया था कि राज्य पुलिस के पास आधुनिक हथियारों की करीब 49 प्रतिशत तक कमी है। इसके चलते कई स्थानों पर अभी भी पुराने हथियारों पर निर्भरता बनी हुई है।
सरकार ने पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा, बोकारो, चतरा और लातेहार जैसे नक्सल प्रभावित जिलों को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए अगले वित्तीय वर्ष में करीब 60 करोड़ रुपये खर्च करने की भी योजना बनाई है।
इसके अलावा पुलिस की गतिशीलता बढ़ाने के लिए 1400 से अधिक नए वाहन उपलब्ध कराए गए हैं और कई थानों को हाईटेक बनाने की प्रक्रिया जारी है। आधुनिक संसाधनों से लैस होने के बाद पुलिस की कार्यक्षमता में सुधार होगा, रिस्पॉन्स टाइम घटेगा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
