
रांची/धनबाद: झारखंड में पिछले कुछ महीनों से कई संवैधानिक संस्थानों को बम धमकी के ई-मेल मिलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस कड़ी में अब रांची और धनबाद सिविल कोर्ट को धमकी भरा ई-मेल मिला है, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी अदालत के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी। सूचना मिलते ही दोनों कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और तुरंत सर्च अभियान शुरू कर दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की मदद से जजों के चैंबर, कोर्ट रूम, वकीलों के शेड, पार्किंग एरिया सहित हर कोने की बारीकी से तलाशी ली। कई घंटों तक चले इस अभियान के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। अधिकारियों ने इस पूरे मामले को शरारती तत्वों की हरकत और अफवाह करार दिया। हालांकि, सुरक्षा कड़ी बनाए रखने के लिए कोर्ट परिसर में सतर्कता बरकरार रखी गई है।
बताते चलें कि कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी कई बार पहले भी मिल चुकी है। इतने धमकी मिलने के बाद भी पुलिस प्रशासन ने अब तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया है । अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या सख्त कदम उठाती है।
