झारखंड में स्वच्छता मिशन को रफ्तार, 70 करोड़ से बनेंगे 800 शौचालय, जागरूकता पर भी खास जोर

झारखंड में स्वच्छता मिशन को बढ़ावा देने के लिए 70 करोड़ से 800 शौचालय बनाए जाएंगे, साथ ही जागरूकता, कचरा प्रबंधन और ओडीएफ स्थिति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Swachh Bharat Mission : झारखंड में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 800 नए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इनमें 700 सामान्य शौचालय और 100 सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालय के साथ यूरिनल शामिल होंगे।

यह निर्माण कार्य राज्य के सभी 48 नगर निकायों में किया जाएगा और इसे स्वच्छ भारत मिशन के तहत लागू किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना है।

नगर विकास एवं आवास विभाग इस पहल के तहत पांच प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगा। इनमें लोगों की भागीदारी बढ़ाना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना, खुले में शौचमुक्त स्थिति को बनाए रखना, कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाना और नई परियोजनाओं को लागू करना शामिल है।

सरकार इस योजना के तहत जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। करीब 10 करोड़ रुपये मोहल्ला सभाओं, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने में खर्च किए जाएंगे, ताकि लोगों को कचरा प्रबंधन और साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया जा सके।

इसके अलावा, एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में फिकल स्लज और उपयोग किए गए पानी के वैज्ञानिक उपचार की व्यवस्था की जाएगी। इस पर भी लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे सेप्टिक टैंक और गंदे पानी से निकलने वाले अपशिष्ट का सुरक्षित निपटान सुनिश्चित किया जा सके।

 

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।