
रांची: झारखंड के कई जिलों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। इसका कारण एक ट्रफ लाइन है, जो गंगीय पश्चिम बंगाल से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में भी राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें रांची में सबसे ज्यादा 1.5 मिमी बारिश हुई।
27 से 29 मार्च के बीच ज्यादा असर
मौसम विभाग ने बताया है कि 27 से 29 मार्च के बीच कई जिलों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। लोगों को खासकर वज्रपात के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में भी दिखा बदलाव
तापमान की बात करें तो सरायकेला में सबसे अधिक 35.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा चाईबासा (35.0°C), बोकारो (35.2°C), जमशेदपुर (34.8°C) और डालटनगंज (34.6°C) में भी तापमान ज्यादा रहा। वहीं रांची (18.4°C), खूंटी (18.2°C), लोहरदगा (19.3°C) और पाकुड़ (20.3°C) में न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
अगले दिनों का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 मार्च को मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 27 मार्च से बदलाव शुरू हो जाएगा। 30 और 31 मार्च को भी राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 16 से 19 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
