
Khalari Police Checking : रांची के खलारी क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में खलारी थाना पुलिस द्वारा डकरा पुलिया के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व एसआई राजकिशोर सिंह ने पुलिस बल के साथ किया। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके जरूरी कागजातों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और हेलमेट के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले और आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने वाले चालकों को चेतावनी देने के साथ-साथ कार्रवाई भी की गई।
चेकिंग के दौरान कई दोपहिया वाहनों पर तीन से चार युवकों के सवार पाए जाने पर पुलिस ने कड़ी फटकार लगाई। एसआई राजकिशोर सिंह ने स्पष्ट कहा कि ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाना कानून का उल्लंघन है और इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और जरूरी कागजात साथ रखने की अपील की, ताकि सड़क हादसों से बचा जा सके।
