
Khelo India Tribal Games: खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में झारखंड के लिए गर्व का पल सामने आया है। बोकारो के युवा धावक शिव कुमार सोरेन ने 100 मीटर फर्राटा दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के सबसे तेज धावक बनने का खिताब अपने नाम कर लिया।
30 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित नेशनल ट्राइबल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शिव कुमार सोरेन ने 10.58 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
शिव कुमार सोरेन बोकारो जिले के चंदनक्यारी में प्रशिक्षण लेते हैं। उनके कोच आशु भाटिया ने बताया कि शिव न केवल झारखंड बल्कि अब देश के भी सबसे तेज धावक बन चुके हैं।
इस उपलब्धि पर बोकारो जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष जय मंगल सिंह, उपायुक्त अजय झा, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बूंन, नोडल अधिकारी उमेश लोहरा सहित कई खेल अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिव कुमार सोरेन की इस सफलता से न सिर्फ बोकारो बल्कि पूरे झारखंड में खुशी की लहर है और युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा भी मिली है।
