एक बार फिर निर्विरोध जदयू के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए खीरु महतो

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Khiru Mahato was Elected state President: राज्यसभा सांसद खीरु महतो शनिवार को एक बार फिर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए। उनके प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर जमशेदपुर पूर्वी विधायक सरयू राय (Saryu Rai) ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

खीरू महतो तीसरी बार झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनका निर्वाचन शनिवार को प्रदेश JDU कार्यालय में निर्विरोध किया गया। पार्टी के सांगठनिक चुनाव प्रभारी श्रवण कुमार की मौजूदगी में पार्टी नेताओं ने सर्वसम्मति से खीरू महतो को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया।

निर्वाचन के बाद पार्टी की ओर से नियुक्त राज्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रवण कुमार ने खीरू महतो को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ एक दर्जन से अधिक जिला अध्यक्षों तथा प्रत्येक विधानसभा से राज्य परिषद सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ। निर्वाचन के बाद कार्यकर्ताओं ने खीरू महतो को बधाई दी और उनका अभिनंदन किया।

इस मौके पर खीरू महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने के बाद खीरू महतो ने कहा कि जिन जिलों में सदस्यता अभियान पूरा नहीं हुआ है, वहां जिला अध्यक्षों का निर्वाचन जल्द पूरा कर लिया जायेगा।

श्री महतो ने बताया कि संसद के बजट सत्र समाप्त होने के बाद संगठन विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार काम करने वाले कार्यकर्ताओं को कमेटी में जगह दी जाएगी और प्रदेश कमेटी को छोटा रखा जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं, उनके निर्णय का सम्मान करें तथा झारखंड में पार्टी को मजबूत करने के लिए दिन-रात मेहनत करें।

Share This Article