
कोडरमा : झारखंड में हाथियों का आतंक एक बार फिर लोगों के लिए भय का कारण बन गया है। कोडरमा जिले में हाथियों ने दोबारा दहशत फैला दी है। पिछले चार दिनों में हाथी तीन लोगों की जान ले चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ताजा घटना मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामु हरलाडीह गांव की है, जहां रविवार सुबह महुआ चुन रही 55 वर्षीय सीता देवी को हाथी ने हमला कर मार डाला। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। सीता देवी महोदरा जंगल में महुआ चुनने गई थीं, तभी अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने महिला को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और पेट पर पैर रखकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान साथ में मौजूद अन्य महिलाएं किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। रेंज ऑफिसर रविंद्र कुमार ने पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी, जबकि शेष 3.75 लाख रुपये मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया।
इधर, झरीटांड और ढेबुआडीह गांवों में भी हाथियों का उत्पात जारी है। शुक्रवार रात हाथियों ने कई मवेशियों को कुचलकर मार डाला और गोशालाओं को नुकसान पहुंचाया। गांव के बाहर बंधे पशु भी इनके शिकार बने।
इससे पहले बुधवार को मरियमपुर और बोनाकाली क्षेत्रों में भी हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि एक हाथी झुंड से बिछड़कर लगातार हमलावर बना हुआ है, जबकि अन्य हाथियों का झुंड आसपास के जंगलों में डेरा डाले हुए है।
वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अब ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोग सुरक्षा के ठोस इंतजाम और हाथियों के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर जल्द रोक लगाई जा सके।
