
कोडरमा : कोडरमा घाटी में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, लेकिन इसके बाद जो नजारा देखने को मिला, उसने सबको चौंका दिया। दाल से लदा एक ट्रक पलट गया और देखते ही देखते वहां दाल लूटने की होड़ मच गई। जानकारी के मुताबिक, मेघातरी काली मंडा के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद एक ट्रक में भरी दाल पूरी सड़क पर बिखर गई और रास्ता दाल से पट गया।
राहत की बात यह रही कि दोनों ट्रकों के चालक इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। हालांकि, उन्हें हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क पर गिरी दाल उठाने लगे। देखते ही देखते हालात ऐसे हो गए कि कुछ ही समय में करीब 70 प्रतिशत दाल लोग अपने साथ ले गए।
यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को हैरान कर देने वाला था। जहां जरूरत थी मदद की, वहां लोगों की भीड़ लूट में जुटी नजर आई। बताया जा रहा है कि दाल से भरा ट्रक कोडरमा से बिहार की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक बिहार से झारखंड की तरफ खाली लौट रहा था। यह हादसा बिहार-झारखंड बॉर्डर से कुछ दूरी पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। सड़क पर बची दाल को सुरक्षित कराया गया और भीड़ को वहां से हटाया गया। साथ ही, दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का काम शुरू किया गया ताकि यातायात जल्द सामान्य हो सके। हादसे के चलते सड़क के दोनों ओर लंबी दूरी तक वाहनों की कतार लग गई थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
