
लातेहार : लातेहार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने बाप-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। शुक्रवार रात मनिका थाना इलाके के रांकी कला पंचायत के उचवाबल गांव में एक पिता ने अपने ही बेटे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। खबरों के मुताबिक, बिनेश्वर परहिया और उसके बेटे सीताराम परहिया के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर पिता ने अपने बेटे को चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बीच-बचाव के दौरान एक और घायल
सुदेश परहिया और राजू परहिया बीच-बचाव करने पहुंचे। सुदेश परहिया के हाथ में चोट आई है और उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। आरोपी पिता को उसी रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस फिलहाल मामले की पूरी जांच कर रही है और घटना के पीछे का असली मकसद पता लगाने की कोशिश कर रही है।
